‘प्रकृति से प्रेरित, जलवायु और भविष्य के लिए’ थीम पर 4 जुलाई तक चलेंगे विभिन्न कार्यक्रम
‘वेस्ट टू बेस्ट’ और पौधरोपण जैसी प्रतियोगिताओं से टाउनशिप में फैलेगी जागरूकता
भोपाल. विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर भेल में पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराने ‘पर्यावरण जागरूकता माह’ की शुरुआत की गई। इस वर्ष यह अभियान “प्रकृति से प्रेरित; जलवायु के लिए; हमारे भविष्य के लिए” थीम पर आधारित है, जो 5 जून से शुरू होकर आगामी 4 जुलाई तक पूरे कारखाने में चलाया जाएगा। अभियान के शुभारंभ पर भेल के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने सभी महाप्रबंधकों और वरिष्ठ अधिकारियों को पर्यावरण सुरक्षा के आह्वान के साथ “पर्यावरण सुरक्षा प्रतिज्ञा” दिलाई। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा यह हमारा नैतिक कर्तव्य है कि हम अपने परिवार सहित पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाएं। हमें अपने व्यावसायिक और व्यक्तिगत जीवन में पर्यावरण हितैषी आदतों को अनिवार्य रूप से अपनाना होगा।इस मौके पर निदेशक (पावर) एवं निदेशक (मानव संसाधन) अतिरिक्त प्रभार, भेल तथा कार्यपालक निदेशक द्वारा विशेष “पर्यावरण संरक्षण संदेश” भी जारी किए गए।
शॉप-फ्लोर तक गूंजी पर्यावरण की प्रतिज्ञा
कारखाने के सभी कर्मचारियों को इस मुहिम से जोडऩे और जागरूक करने के लिए सभी विनिर्माण ब्लॉकों एवं शॉप-फ्लोर पर विशेष आयोजन किए गए। यहां विभाग प्रमुखों द्वारा सभी कर्मचारियों व अधिकारियों को पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
महीने भर आयोजित होंगे ये कार्यक्रम
4 जुलाई तक चलने वाले इस जागरूकता माह के दौरान कारखाने और टाउनशिप क्षेत्र में कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें टाउनशिप क्षेत्र के हाट-बाजारों और रहवासी इलाकों में सिंगल-यूज प्लास्टिक को खत्म करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। भेल परिसर और आस-पास के चिन्हित स्थानों पर पौधरोपण किया जाएगा। कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए पर्यावरण विषयों पर पोस्टर प्रतियोगिता तथा कबाड़ से कलाकृति बनाने के लिए “वेस्ट टू बेस्ट” जैसी रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कर्मचारियों को विशेष तकनीकी व व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
