प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर: मध्य प्रदेश की स्थानीय महिला खिलाडिय़ों के लिए चयन प्रक्रिया शुरू
भोपाल. मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (सिंधिया कप) 2026 आईसेक्ट गु्रप की महिला टीम ‘रॉयल निमाड़ ईगल्स’ के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रदेश की प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटरों को पेशेवर मंच उपलब्ध करने के उद्देश्य से आगामी 25 अप्रैल को भोपाल में चयन ट्रायल्स आयोजित किए जाएंगे। आयोजन नर्मदापुरम रोड स्थित स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी क्रिकेट ग्राउंड पर सुबह 8 बजे से शुरू होगा। टीम प्रबंधन का लक्ष्य क्षेत्रीय प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए एक मजबूत मंच तैयार करना है।
क्षेत्रीय प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें पेशेवर प्रशिक्षण देना
मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग में पिछले वर्ष प्रेजेंटिंग स्पॉन्सर के रूप में भूमिका निभाने के बाद आईसेक्ट समूह ने इस वर्ष टीम स्वामित्व के साथ खेल विकास की दिशा में नई पहल की है। ‘रॉयल निमाड़ ईगल्स’ टीम का उद्देश्य क्षेत्रीय प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें पेशेवर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करना है, ताकि युवा खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
खिलाडिय़ों के लिए दीर्घकालिक विकास कार्यक्रम की शुरुआत
आईसेक्ट समूह के कार्यकारी उपाध्यक्ष और टीम के ऑनर डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि “यह ट्रायल्स केवल चयन प्रक्रिया नहीं, बल्कि खिलाडिय़ों के लिए दीर्घकालिक विकास कार्यक्रम की शुरुआत है। शिक्षा और खेल दोनों ही व्यक्तित्व निर्माण के सशक्त माध्यम हैं और ‘रॉयल निमाड़ ईगल्स’ के माध्यम से हमारा प्रयास क्षेत्रीय प्रतिभाओं को पेशेवर अवसर और राष्ट्रीय पहचान दिलाना है।
चयन के लिए अनिवार्य पात्रता और नियम
ट्रायल्स में भाग लेने के लिए खिलाडिय़ों को इन मापदंडों का पालन करना होगा।
– खिलाड़ी की आयु 1 दिसंबर 2025 को 15 से 21 वर्ष के बीच होनी चाहिए (जन्म 2 दिसंबर 2004 के बाद और 1 दिसंबर 2010 से पहले हुआ हो)।
– खिलाड़ी 1 दिसंबर 2025 तक किसी भी डिवीजन या एमपीसीए में पंजीकृत नहीं होना चाहिए।
– खिलाड़ी का मध्य प्रदेश में जन्म होना या स्थायी निवास होना अनिवार्य है।
– यदि जन्म मप्र में नहीं है, तो माता-पिता या स्वयं खिलाड़ी 1 सितंबर 2025 तक कम से कम तीन माह से प्रदेश के किसी सरकारी, कॉर्पोरेट या मान्यता प्राप्त संस्थान में नियमित कार्यरत हों। (पार्ट-टाइम या निजी व्यवसाय मान्य नहीं)।
– दूरस्थ शिक्षा (डिस्टेंस लर्निंग) के छात्र इस प्रक्रिया के लिए पात्र नहीं होंगे।
खिलाडिय़ों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
ट्रायल्स में शामिल होने वाली महिला खिलाडिय़ों को अपने साथ स्वयं की क्रिकेट किट लाना अनिवार्य है। आयु और निवास की पुष्टि के लिए आवश्यक मूल दस्तावेज (आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र आदि) साथ लेकर सुबह 8 बजे रिपोर्ट करना होगा। रॉयल निमाड़ ईगल्स का उद्देश्य उन ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को तराशना है, जो अब तक मुख्यधारा के क्रिकेट से नहीं जुड़ पाई हैं।
