राजधानी के खिलाडिय़ों को दो महीने तक मिलेगा उच्च स्तरीय प्रशिक्षण
भोपाल. तात्या टोपे (टीटी) नगर स्टेडियम में ‘ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर’ (समर कैम्प) शुरू हो गया। खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा दो महीने तक चलने वाले इस समर कैम्प (खेल महाकुंभ) का बुधवार को औपचारिक शुभारंभ किया गया। समर कैम्प में नन्हे- मुन्ने बच्चों और खिलाडिय़ों को 22 अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया की जा रही है।
दो पालियों में मिलेगा प्रशिक्षण, 25 वर्ष तक के युवा ले सकेंगे भाग
समर कैम्प में 5 से 25 वर्ष की आयु के बालक-बालिकाएं अपनी रुचि अनुसार खेलों का चयन कर सकते हैं। प्रशिक्षण शिविर को व्यवस्थित रखने के लिए दो पालियों का समय निर्धारित किया गया है। सुबह की पाली 6.30 बजे से 8.30 बजे तक और शाम की पाली में शाम 5 बजे से 7 बजे तक प्रशिक्षण ले सकेंगे।
इन 22 खेलों का मिलेगा प्रशिक्षण
समर कैम्प के दौरान बॉस्केटबॉल, बैडमिंटन, कराते, टेनिस, फुटबॉल, मल्लखंभ, कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, जिम्नास्टिक, एरोबिक, ताइक्वांडो, कुश्ती, बिलियड्र्स एंड स्नूकर, स्केटिंग, योग, फेंसिंग, स्क्वैश, जूडो, टेबल टेनिस और वेटलिफ्टिंग जैसी विधाओं में विशेषज्ञ कोच प्रशिक्षण देंगे।
प्रतिभाओं को प्रोत्साहन: वर्ष भर नि:शुल्क कोचिंग का मौका
शिविर के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रत्येक विधा के एक बालक और एक बालिका खिलाड़ी को ‘पे एंड प्ले’ योजना के तहत वर्ष भर नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। गौरतलब है कि वर्ष 2025 में 22 विधाओं में 44 खिलाडिय़ों को यह लाभ मिला था, जिनमें से कई ने राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
मोबाइल ऐप से ऑनलाइन आवेदन
प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए खिलाडिय़ों को डीएसवायडब्ल्यू रजिस्ट्रेशन ऐप के माध्यम से विभिन्न खेल विधाओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। कैम्प के समापन पर उत्कृष्ट खिलाडिय़ों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
