खेल

एशियन कैनो स्प्रिंट और पैरा कैनो चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे प्रदेश के जांबाज खिलाड़ी

Brave players from the state will represent the country in the Asian Canoe Sprint and Para Canoe Championships

अंतरराष्ट्रीय कैनो चैंपियनशिप में एमपी का जलवा: भारतीय दल में मध्य प्रदेश के 7 खिलाडिय़ों का चयन

भोपाल. मध्य प्रदेश राज्य वाटर स्पोट्र्स अकादमी, भोपाल के खिलाडिय़ों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। कजाकिस्तान के तुर्किस्तान में 4 से 7 जून तक आयोजित होने वाली एशियन कैनो स्प्रिंट जूनियर, अंडर-23 चैंपियनशिप’ और ‘एशियन पैराकैनो चैंपियनशिप’ के लिए मध्य प्रदेश अकादमी के 7 खिलाडिय़ों का चयन भारतीय दल में हुआ है। चयनित टीम के साथ मुख्य कोच कैप्टन पीजूष बरोई भी कजाकिस्तान रवाना होंगे।

भारतीय टीम में शामिल मध्य प्रदेश के सितारे
चैंपियनशिप के अलग-अलग वर्गों में प्रदेश के यह खिलाड़ी भारत की चुनौती पेश करेंगे।
कैनो स्प्रिंट वर्ग: संतोष सिंह, प्रिंस गोस्वामी, दीपक देमार, डैली बिश्नोई और निहारिका सिंह।
पैरा कैनो वर्ग: प्राची यादव और मनीष कुराव।

समर्पण, कठोर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाओं का परिणाम
एशिया की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में इतनी बड़ी संख्या में खिलाडिय़ों का चयन प्रदेश में विकसित हो रही उत्कृष्ट खेल संस्कृति का प्रमाण है। इन खिलाडिय़ों ने वर्षों के कठिन अनुशासन, निरंतर अभ्यास और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपने शानदार प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम में यह मुकाम हासिल किया है।
अकादमी की विश्वस्तरीय व्यवस्था: खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्य प्रदेश द्वारा संचालित इस अकादमी में खिलाडिय़ों को आधुनिक उपकरण, खेल विज्ञान आधारित फिटनेस सपोर्ट और अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन मिल रहा है, जो अब अंतरराष्ट्रीय पदकों के रूप में सामने आ रहा है।

पैरा खिलाडिय़ों ने पेश की समावेशन की मिसाल
विशेष रूप से पैरा कैनो वर्ग में प्राची यादव और मनीष कुराव का चयन दर्शाता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति के आगे कोई भी बाधा टिक नहीं सकती। उनकी यह सफलता समाज में खेलों के प्रति समावेशिता और समान अवसरों की भावना को और मजबूत करती है।

खेल मंत्री विश्वास सारंग ने जताया भरोसा
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने सभी चयनित खिलाडिय़ों और कोच को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे ये सातों खिलाड़ी कजाकिस्तान में भी अपनी खेल क्षमता का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और भारत के लिए पदक जीतकर लौटेंगे।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment